उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जिले के नालूपानी क्षेत्र के समीप अचानक हुए भूस्खलन से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आ गए, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सड़क बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन और अन्य संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर जमा मलबा हटाने का अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार प्राथमिकता मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने की है, ताकि लोगों की आवाजाही सामान्य हो सके। बारिश का सिलसिला जारी रहने के कारण प्रशासन लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा पर निकलने से पहले मौसम तथा सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग ने भी प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
