बागेश्वर जिला मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध बाबा बागनाथ मंदिर में सात दिवसीय गणेश महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन सरयू घाट से बागनाथ मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना की गई।
महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही बागनाथ मंदिर परिसर में अगले सात दिनों तक भक्तिमय माहौल बना रहेगा। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। गणेश महोत्सव का आयोजन स्वर्णकार संघ की ओर से किया जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाले महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष पारस वर्मा ने बताया कि संघ की ओर से पिछले 14 वर्षों से लगातार गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सात दिन बाद भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और मूर्ति विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।
