कुमारी शैलजा ने भरी चुनावी हुंकार, सरकार पर साधा निशाना

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के बागेश्वर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। बागेश्वर पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले बाबा बागनाथ मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंदिर से कथायतबाड़ा तक भव्य रैली निकाली गई। स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस को सबसे पहले एकजुट होने की जरूरत है। कार्यकर्ता हों या मंच पर बैठे वरिष्ठ नेता, सभी को मिलकर संगठन की मजबूती के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूर्ववर्ती सरकारों में विकास कार्य करके दिखाए हैं। अब जनता के सामने भाजपा और कांग्रेस के कामों की तुलना करने का समय है। कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार की नाकामियों और कांग्रेस के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाना होगा। प्रदेश प्रभारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में पलायन के चलते गांव वीरान हो रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने जमीनों की बिक्री, बेरोजगारी और सरकारी भर्तियों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा। अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रखनी होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अंकिता को न्याय कब मिलेगा? शैलजा ने कहा कि हिमाचल की तर्ज पर उत्तराखंड में भी कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। साथ ही भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई होगी। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा का प्रचार करने तथा बाबा साहब के संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News