बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील से लगे दर्शानी गांव में एक महिला पर देर शाम गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। स्वजन महिला को घायलावस्था में सीएचसी बैजनाथ ले गए। जहां महिला का उपचार चल रहा है।
दर्शानी गांव निवासी गीता देवी पत्नी मनोहर पांडे उम्र 40 अपने घर के पास ही घास काट रही थी। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने महिला पर अचानक हमला कर दिया। गुलदार ने महिला के पैर में काट दिया। महिला का पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। महिला ने दराती से गुलदार पर पलटवार किया और हो-हल्ला मचाया। महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे, तब बमुश्किल महिला की जान बच सकी। महिला को स्वजन घायल अवस्था में सीएचसी बैजनाथ लाए। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि लगातार हमलो के बार भी वन विभाग का निष्क्रिय रहना काफी दुखद है। जल्द से जल्द क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाए जिससे आगे हमले ना हो सके।
वही बैजनाथ अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ भरत सिंह ने बताया कि महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन पर तेंदुए ने हमला किया था उनको भर्ती किया गया है।
