देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने शनिवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के कई वरिष्ठ आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा अधिकारियों के विभागों में बदलाव कर दिया। शासन द्वारा जारी तबादला सूची में देहरादून और बागेश्वर जिलों को नए जिलाधिकारी मिले हैं, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, शहरी विकास और समाज कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकार के इस बड़े बदलाव में आईएएस आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें देहरादून स्मार्ट सिटी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) भी बनाया गया है। वहीं आईएएस अपूर्वा पांडे को बागेश्वर जिले का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद स्वरूप को गढ़वाल मंडल का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
शासन की सूची के अनुसार बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सचिव-उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वरिष्ठ आईएएस विनय शंकर पांडे को सचिव-नागरिक उड्डयन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ यूके हेल्थ सिस्टम डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। सविन बंसल को नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि अभिषेक रुहेला को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
राज्य के संवेदनशील विभाग आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास में भी बदलाव किया गया है। सौरभ गहरवार को अपर सचिव बनाया गया है। आलोक कुमार पांडे अब देहरादून नगर निगम के नए आयुक्त होंगे, जबकि प्रवीण कुमार को अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। विद्यालयी शिक्षा विभाग में नमामि बंसल को अपर सचिव और आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक (DG) बनाया गया है। इसके अलावा संदीप तिवारी को जीएमवीएन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। दीप्ति सिंह को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण और निदेशक खेल एवं युवा कल्याण का दोहरा दायित्व सौंपा गया है। वहीं प्रतीक जैन अब कर आयुक्त और महानिदेशक निर्वाचन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सरकार ने केवल आईएएस अधिकारियों के ही नहीं, बल्कि आठ पीसीएस और दो सचिवालय सेवा अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। गिरधारी सिंह रावत को अपर सचिव (कार्मिक एवं सतर्कता), सूचना प्रौद्योगिकी और सुराज विभाग का जिम्मा दिया गया है। इलागिरी को निदेशक दुग्ध विकास एवं महिला डेयरी बनाया गया है। सुंदर लाल सेमवाल को अपर सचिव (सचिवालय प्रशासन विभाग), महावीर सिंह चौहान को अपर सचिव (लोनिवि) और सुनील सिंह को अपर सचिव (गृह विभाग) नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


