गुलदार के हमले में जान गंवाने वाली कमला देवी के घर पहुंचे विधायक सुरेश गढ़िया, हर संभव मदद का दिया भरोसा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया बुधवार को कांडा तहसील के ग्राम पंचायत बाझझिरौटी पहुंचे, जहां उन्होंने गुलदार के हमले में जान गंवाने वाली स्वर्गीय कमला देवी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। कमला देवी, पूरन राम की पत्नी थीं और हाल ही में गुलदार के हमले में उनकी दुखद मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।

विधायक सुरेश गढ़िया ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।

विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उन्हें हर संभव सहायता दिलाई जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली सभी आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ गुलदार की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए। विधायक ने ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की।

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में बढ़ते गुलदार के आतंक पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की। विधायक ने भरोसा दिलाया कि इस मामले को शासन स्तर पर भी गंभीरता से उठाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News