मेरी छवि खराब करने की साजिश हो रही, वायरल मामले पर विधायक सुरेश गढ़िया का आरोप

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने सोशल मीडिया पर वायरल कथित आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री और अभद्र टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि वर्ष 2024 में एक महिला की एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार की गई तस्वीर के साथ उनका नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था। इस मामले में उन्होंने तत्काल पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर और कपकोट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी लंबे समय तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

विधायक ने कहा कि पिछले कुछ समय से एक व्यक्ति, जगदीश गोस्वामी, सोशल मीडिया पर लगातार उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर रहा था। इस संबंध में उन्होंने कपकोट थाने में चार बार शिकायत और एफआईआर दर्ज कराई। उनके अनुसार पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।

सुरेश गढ़िया ने कहा कि केवल मुकदमा दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है। सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार त्वरित एवं सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि कार्रवाई में देरी से गलत संदेश जाता है और ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ता है।

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों पर शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो वह अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को आगे भी गंभीरता से उठाते रहेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News