सेवा संकल्प अभियान के तहत रवाईखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित

खबर शेयर करें -

प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा की मौजूदगी में रवाईखाल में सजा जनसेवा का मंच, 246 ग्रामीणों ने लिया योजनाओं का लाभ

सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को रवाईखाल इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी ली।

शिविर में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कुल 26 शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शेष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा महिलाओं और किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

शिविर के दौरान रीप द्वारा कौशल्या देवी एवं मनीषा को ₹13 लाख, एनआरएलएम द्वारा 39 स्वयं सहायता समूहों को ₹16 लाख, उद्योग विभाग द्वारा हरीश चंद्र को ₹2.50 लाख तथा बालक राम को ₹25 हजार की सहायता प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह, बोहाला को ₹4 लाख की सहायता के साथ फार्म मशीनरी बैंक भी वितरित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना (CMSSY) के अंतर्गत उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) वैन का शुभारंभ किया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को उनके निकटवर्ती क्षेत्र में ही बुनियादी स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक लैब जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकता होने पर चिकित्सकों द्वारा श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया जाएगा।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, सेवायोजन, वन, कृषि एवं उद्यान, उद्योग, श्रम, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। शिविर में कुल 246 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 190 लोगों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया। इस दौरान विभिन्न प्रकार के 23 आवेदन पत्र भी भरे गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया, जिला महामंत्री संजय परिहार, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News