शराब के नशे में पुल पर चढ़ा नेपाली मजदूर, आधे घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित उतारा गया

KurmanchalNews
खबर शेयर करें -

खाईबगड़ पुल पर मचा हड़कंप, एसडीआरएफ और पुलिस ने बचाई मजदूर की जान

कपकोट, संवाददाता। कपकोट क्षेत्र के खाईबगड़ में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नेपाली मजदूर शराब के नशे में पुल पर चढ़ गया और वहां से कूदने की कोशिश करने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय दीपक सिंह कार्की पुत्र मान सिंह कार्की मूल रूप से नेपाल का निवासी है और वर्तमान में खाईबगड़ क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता है। शनिवार सुबह वह अत्यधिक शराब के नशे में खाईबगड़ पुल पर चढ़ गया। पुल की ऊंचाई पर पहुंचकर वह असामान्य हरकतें करने लगा और नीचे कूदने का प्रयास करने लगा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने उसे समझाने और नीचे आने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। स्थिति गंभीर होती देख लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद टीम ने दीपक सिंह कार्की को सुरक्षित पुल से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में भर्ती कराया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार दीपक पहले भी कई बार इस तरह की हरकत कर चुका है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में पुल पर चढ़ने के अलावा एक बार नदी में भी कूद चुका है। पुलिस ने लोगों से ऐसे मामलों में तुरंत सूचना देने और किसी भी जोखिम भरी स्थिति से दूर रहने की अपील की है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News