बैजनाथ में बुजुर्ग दंपति की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर जिले के बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने ही चाचा-चाची पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी गोविन्द बल्लभ खोलिया को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि एक नवंबर की शाम करीब 8:30 बजे डायल 112 पर निखिल खोलिया ने नरग्वाड़ी गांव में पूरन चन्द्र खोलिया के घर पर झगड़ा होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पूरन चन्द्र खोलिया उम्र 70 वर्ष और उनकी पत्नी भगवती देवी उम्र 62 वर्ष गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। दोनों के सिर और शरीर से काफी खून बह रहा था।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी बागेश्वर को घटनास्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही अल्मोड़ा की फॉरेंसिक टीम और बागेश्वर की फॉरेंसिक यूनिट को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक एवं डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में बैजनाथ, कौसानी, कपकोट और झिरौली थानों की पुलिस के साथ एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गई। मृतक दंपति के परिजनों की तहरीर पर आरोपी गोविन्द बल्लभ खोलिया के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने रातभर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया और मुखबिरों को सक्रिय किया। दो नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोविन्द बल्लभ खोलिया उम्र 52 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद कर ली। वहीं, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच में राजस्व क्षेत्र गागरीगोल में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News