बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की गरुड़ तहसील के नरग्वाड़ी गांव में रविवार देर रात दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। यहां मामूली विवाद के बाद एक भतीजे ने अपने सगे चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आई उनकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए चार टीमें गठित की हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नरग्वाड़ी निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया पुत्र मथुरा दत्त खोलिया का रविवार देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लोहे की भारी रॉड से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
इसी दौरान घर में मौजूद मृतक की बहू दया खोलिया पत्नी नवीन खोलिया ने अपने सास-ससुर को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र खोलिया (58) और उनकी पत्नी भगवती देवी (54) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दया खोलिया का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना के बाद नरग्वाड़ी गांव में दहशत का माहौल है। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


