अब सालभर होगी आदि कैलाश यात्रा की तैयारी, मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने शुरू की कार्ययोजना

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने आदि कैलाश यात्रा को पूरे वर्ष संचालित करने की दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रतिकूल मौसम और किसी आकस्मिक स्थिति को छोड़कर यात्रा को सालभर जारी रखने की योजना बनाई जा रही है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करना, जनभावनाओं को ध्यान में रखना और धार्मिक पर्यटन को नई गति देना है।

इस संबंध में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यापक और समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आदि कैलाश यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की कोशिश है कि आदि कैलाश यात्रा का संचालन इस तरह किया जाए कि कैलाश मानसरोवर यात्रा पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। दोनों यात्राओं का संचालन बेहतर समन्वय के साथ किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात व्यवस्था और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। साथ ही स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा, जिससे सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हों।

प्रशासन का मानना है कि वर्षभर आदि कैलाश यात्रा शुरू होने से पिथौरागढ़ धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान बनाएगा। इससे स्थानीय व्यापार, होटल, होमस्टे और परिवहन से जुड़े लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा तथा सीमांत क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News