सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को कपकोट विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र राजकीय इंटर कॉलेज, सूपी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान प्राप्त सात शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि विभिन्न सेवाओं से संबंधित 16 आवेदन पत्र भरवाए गए।
शिविर में कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीणों से बहुउद्देशीय शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में कृषि, उद्यान, उद्योग, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन, सैनिक कल्याण एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थियों के प्रमाण पत्र बनाने और विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन पत्र भरवाने की कार्यवाही की गई। अगला शिविर 15 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज, सैलानी में आयोजित किया जाएगा।


