रानीखेत के चौबटिया में रिहायशी इलाके के पास दिनदहाड़े दिखा गुलदार, लोगों में दहशत

खबर शेयर करें -

रानीखेत। चौबटिया क्षेत्र में गुलदार की दस्तक से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। शाह गार्डन के पास दिन में ही गुलदार दिखाई देने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में गुलदार एक पेड़ से उतरता हुआ नजर आ रहा है, जबकि पास ही एक व्यक्ति पैदल जाता दिखाई दे रहा है। स्थानीय निवासी ने गुलदार की इस गतिविधि को अपने कैमरे में कैद कर लिया।

बताया जा रहा है कि चौबटिया क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार की आवाजाही बढ़ी है। अब रिहायशी इलाकों के आसपास दिन के समय भी गुलदार दिखाई देने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गुलदार के लगातार आबादी के नजदीक पहुंचने से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार अक्सर जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाता है।

स्थानीय लोगों ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। खासकर सुबह और शाम के समय अकेले आवाजाही करने से बचने तथा बच्चों को घर से बाहर भेजते समय सावधानी बरतने को कहा गया है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News