कपकोट। ग्राम सभा लीती स्थित प्रसिद्ध भगवती मंदिर से मंगलवार को नंदा कुंड के लिए पावन जात यात्रा धार्मिक अनुष्ठानों और माता के जयकारों के साथ रवाना हुई। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद 21 जात यात्रियों का दल आध्यात्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। यात्रा की अगुवाई मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कुशल सिंह कोरंगा कर रहे हैं।
ग्राम सभा लीती में हर तीसरे वर्ष पारंपरिक ‘आठों मेले’ का भव्य आयोजन किया जाता है। इसी धार्मिक परंपरा के तहत लीती से नंदा कुंड तक कठिन और पवित्र जात यात्रा निकाली जाती है। यात्रा को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
यात्रा दल नंदा कुंड पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना करेगा। इसके बाद यात्री वहां से पवित्र ब्रह्मकमल लेकर वापस लौटेंगे। आगामी 18 सितंबर को यात्री लीती के लाटू पौड पहुंचेंगे। इसी दिन दोपहर 3 बजे लाटू पौड से माता भगवती मंदिर तक भव्य ब्रह्मकमल यात्रा निकाली जाएगी।
मंदिर समिति के प्रबंधक खड़क सिंह ने बताया कि ब्रह्मकमल यात्रा में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से 18 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में मंदिर परिसर पहुंचकर यात्रा का स्वागत करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु इस अवसर पर माता भगवती और पवित्र ब्रह्मकमल के दर्शन कर पुण्य के भागी बनें। यात्रा को लेकर मंदिर समिति और ग्रामीणों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
