बागेश्वर। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क में सामूहिक पेंशन उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में NMOPS से जुड़े शिक्षक-कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रतिभाग कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
इस दौरान कर्मचारियों ने NPS-UPS-TET भारत छोड़ो, उत्तराखंड छोड़ो के नारे लगाए। शिक्षकों ने टीईटी व्यवस्था को लेकर भी विरोध जताया। कर्मचारियों ने एक स्वर में एनपीएस, यूपीएस और टीईटी व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को शुरू हुए भारत छोड़ो आंदोलन की तर्ज पर अब शिक्षक-कर्मचारी NPS-UPS भारत छोड़ो अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई पेंशन व्यवस्थाओं से कर्मचारियों के भविष्य को लेकर असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में कर्मचारियों के सेवानिवृत्त जीवन को सुरक्षित करने के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली जरूरी है।
