भटखोला प्रधानाचार्य हत्याकांड के विरोध में उमड़ा जनसैलाब, बागेश्वर में शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने निकाला मौन जुलूस

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य स्वर्गीय दयानंद टम्टा की हत्या के विरोध में सोमवार को बागेश्वर में शिक्षकों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मौन जुलूस निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नुमाइश खेत मैदान से गोमती पुल तक निकाले गए इस जुलूस में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र, कर्मचारी और आमजन शामिल हुए।

गोमती पुल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत प्रधानाचार्य की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। वक्ताओं ने घटना को बेहद दुखद और समाज को झकझोर देने वाला बताते हुए दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

सभा में मौजूद लोगों ने निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। साथ ही प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की अपील की। पूरे कार्यक्रम के दौरान शोक और आक्रोश का माहौल रहा तथा सभी ने स्वर्गीय दयानंद टम्टा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News