बागेश्वर: आज विधायक पार्वती दास जी ने जानकारी दी कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी की प्रेरणा से बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के बोड़ी-धूराफाट पम्पिंग योजना में ₹4.73 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस धनराशि का उपयोग पम्पों और मोटरों की रेट्रोफिटिंग के लिए ऊर्जा कुशल सेंट्रीफ्यूगल पम्प सेटों की आपूर्ति और स्थापना हेतु किया जाएगा।
विधायक पार्वती दास जी ने बताया कि बोड़ी-धूराफाट पम्पिंग योजना के माध्यम से ग्राम बोडी, रैखोली, कभड़ा, सिमतोली, चनबोड़ी सहित कुल 13 ग्राम पंचायतों की लगभग 8000 क्षेत्रीय जनता को पेयजल सुविधा प्राप्त होती है। पिछले कई समय से पम्पों और मोटरों की बार-बार खराबी के कारण लोगों को पेयजल की आपूर्ति में बाधा आ रही थी, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
माननीय विधायक ने कहा कि शासन से लगातार मांग करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी ने यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की है। अब धूराफाट क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित होगी। विधायक जी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का क्षेत्रवासियों की ओर से हृदयपूर्वक धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।

