बागेश्वर के जिला पंचायत क्षेत्र जेठाई के ग्राम पंचायत रतमोली के तोक डबोली आमखेत में सड़क कटान के चलते आवासीय मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पंचायत सदस्य गोपा धपोला ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने जल्द सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की है।
जिला पंचायत क्षेत्र जेठाई के ग्राम पंचायत रतमोली अंतर्गत तोक डबोली आमखेत में मोटर मार्ग के नीचे स्थित आवासीय मकानों पर लगातार खतरा बना हुआ है। सड़क निर्माण और कटान के कारण जमीन खिसकने की आशंका बढ़ गई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोटर मार्ग के नीचे कई आवासीय भवन स्थित हैं। बरसात के दौरान सड़क किनारे मिट्टी और मलबा खिसकने से मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षात्मक कार्य कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पंचायत सदस्य गोपा धपोला ने मौके पर पहुंचकर मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की स्थिति, कटान और प्रभावित मकानों का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से विस्तार से जानकारी ली।
गोपा धपोला ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुरक्षात्मक कार्य नहीं कराए गए तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द निरीक्षण कर ठोस कदम उठाने की अपील की है।
