फुलवाड़ी-फूलचौरा-खाईधार-थलीधार सड़क की मांग को लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने किया प्रदर्शन, आंदोलन को दिया समर्थन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर।फुलवाड़ी-फूलचौरा-खाईधार-थलीधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों के समर्थन में वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण न्यास ने जिला कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।

न्यास के अध्यक्ष दलीप सिंह खेतवाल ने कहा कि सड़क सुविधा नहीं होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से परेशानी झेल रहे हैं। सड़क नहीं होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और बीमार लोगों को कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से फुलवाड़ी-फूलचौरा-खाईधार-थलीधार सड़क निर्माण की मांग उठा रहे हैं। सड़क को लेकर पूर्व में कई बार ग्रामीणों को आश्वासन भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

न्यास पदाधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 13 जुलाई से आंदोलन शुरू किया है। वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण न्यास ने ग्रामीणों के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए प्रशासन से सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जरूरत है। सड़क बनने से कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए लंबी दूरी पैदल तय नहीं करनी पड़ेगी।

न्यास ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। साथ ही 21 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित आक्रोश रैली को भी समर्थन देने की बात कही।

इस दौरान चरण सिंह बघरी, हरीश सोनी, जीवन दानू, करम सिंह दानू सहित कई लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News