बागेश्वर। जनपद में आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबा संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने की। यह बैठक अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड, देहरादून तथा जिलाधिकारी बागेश्वर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों के संचालकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य कारोबार से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी कारोबारियों को एफएसएसएआई पोर्टल पर पंजीकरण अथवा लाइसेंस प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बिना वैध लाइसेंस के खाद्य कारोबार करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों को भोजन तैयार करने या परोसने से पहले हाथों की अच्छी तरह सफाई करने, स्वच्छ यूनिफॉर्म पहनने और हेडकवर का उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा रसोईघर, भंडार गृह और भोजन परोसने वाले क्षेत्रों की साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे के उचित निस्तारण तथा कीट एवं कृंतक नियंत्रण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कारोबारियों को कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की सलाह दी गई, ताकि खाद्य पदार्थ दूषित न हों। बैठक में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट की जांच, शुद्ध पेयजल के उपयोग तथा दूध, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के उपायों पर भी जानकारी दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने स्पष्ट कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं नियमों का बेहतर ढंग से पालन करने वाले प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सभी कारोबारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा अपने कर्मचारियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का भरोसा दिलाया।
