पवन खेड़ा के खिलाफ बागेश्वर कोतवाली में तहरीर, राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने लगाए आरोप

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा के खिलाफ उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने कोतवाली बागेश्वर में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उपाध्याय का आरोप है कि खेड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ राजनीतिक विद्वेष की भावना से झूठे और अनर्गल आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों में वीडियो व बयान जारी किए।

प्रेस को जारी बयान में उपाध्याय ने कहा कि पवन खेड़ा के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने असम विधानसभा चुनाव के दौरान भी खेड़ा पर कथित तौर पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से आरोप लगाने का दावा किया।

उपाध्याय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार राजनीतिक मुद्दे उठा रही है। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद भाजपा की ओर से मंच के शुद्धीकरण को लेकर उठे विवाद का भी जिक्र किया।

यह सभी आरोप भूपेश उपाध्याय द्वारा जारी प्रेस बयान में लगाए गए हैं। प्राथमिकी दर्ज होने और पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News