रात 12 बजे बिजली विभाग पहुंचे मंडलसेरा के नगरवासी, कटौती पर जताया विरोध, घंटों चला हंगामा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। मंडलसेरा भल्यूड़ा और जिनखोला क्षेत्र के निवासियों ने लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में बुधवार रात अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोग रात करीब 11:30 बजे अपने-अपने घरों से निकलकर आधी रात 12 बजे बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान करीब एक घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मौके पर पहुंचे विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उन्हें शांत कर घर वापस भेजा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। उनका कहना है कि सप्ताह में दो से तीन बार शाम 7 बजे से लेकर सुबह 8 से 9 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह का समय लोगों के काम पर जाने और बच्चों के स्कूल की तैयारी का होता है, ऐसे में बिजली न होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सुनील कोहली, संदेश कोहली, बब्लू, भोपाल, अजय कुमार, गिरीश, गिरीश कुमार, सूरज, मोहन कोहली और गौरव कुमार समेत कई लोगों ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।

ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में तकनीकी खराबी और विद्युत लाइनों के रखरखाव कार्य के कारण कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। अधिकारियों के अनुसार समस्या का समाधान करने के लिए कर्मचारियों को रात में ही लगाया गया था और सुबह तक विद्युत व्यवस्था सुचारू कर दी गई। विभाग ने उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति देने का आश्वासन भी दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News