जनहित के मुद्दों पर मुखर हुई यूकेडी, जिला कार्यालय में किया प्रदर्शन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जनहित एवं पर्वतीय क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी बागेश्वर मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में प्रदर्शन कर विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

यूकेडी ने डुगनाखुरी स्थित महिला कॉलेज के विकास के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) निधि से सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। दल ने कहा कि पहाड़ की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए पलायन न करना पड़े, इसके लिए स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों को मजबूत किया जाना जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में दिए गए शिक्षा एवं विकास संबंधी ज्ञापनों पर भी शीघ्र कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में केवल ज्ञापन लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन पर समयबद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित होनी चाहिए।

इसके अलावा फुलवाड़ी सड़क संघर्ष में जुटे ग्रामीणों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। यूकेडी ने मांग की कि आंदोलन स्थल पर बिजली और पेयजल की व्यवस्था तत्काल की जाए। साथ ही जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग एवं संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक इंतजाम किए जाएं।

दल ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा की मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। प्रशासन को उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से लेते हुए समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News