UKPSC PCS-2024 का अंतिम परिणाम घोषित, उत्तराखंड को मिले 9 नए डिप्टी कलेक्टर; महिलाओं का दबदबा

खबर शेयर करें -

जस्मीत कौर ने किया टॉप, वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर; पुलिस उपाधीक्षक पद पर अदिति पुनेठा अव्वल

देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (PCS)-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम जारी होने के साथ ही राज्य को नौ नए डिप्टी कलेक्टर मिले हैं। इस बार की मेरिट सूची में महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया है, जिसे प्रशासनिक सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

डिप्टी कलेक्टर पद की मेरिट सूची में जस्मीत कौर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी का चयन डिप्टी कलेक्टर पद के लिए हुआ है।

वहीं, पुलिस उपाधीक्षक (CO) पद पर अदिति पुनेठा ने शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके अलावा ऐश्वर्य भट्ट, मनीष चंद्र स्मोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर और श्रेया सिंह को भी सफलता मिली है।
आयोग ने मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की है। आयोग के अनुसार, साक्षात्कार प्रक्रिया 27 मार्च से 21 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थी।

इन पदों पर भी हुई नियुक्तियां

अंतिम चयन सूची में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। इनमें जिला कमांडेंट होमगार्ड, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO), जिला पंचायत राज अधिकारी, कार्याधिकारी जिला पंचायत, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी तथा सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी जैसे पद शामिल हैं।

शिक्षा और कर विभाग में सर्वाधिक चयन

इस वर्ष सबसे अधिक चयन शिक्षा, वित्त और कर विभागों में दर्ज किया गया है। उप शिक्षा अधिकारी के 58 पद, राज्य कर अधिकारी के 53 पद, सहायक आयुक्त राज्य कर के 16 पद तथा वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 14 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

PCS-2024 के परिणाम ने एक बार फिर साबित किया है कि उत्तराखंड की बेटियां प्रशासनिक सेवाओं में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। डिप्टी कलेक्टर और पुलिस उपाधीक्षक जैसे प्रतिष्ठित पदों की मेरिट सूची में महिलाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News