बागेश्वर। गरुड़ विकासखंड के छटिया गांव के कमोटिया तोक में लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार का आशियाना छीन लिया। असहाय, निर्धन, शारीरिक रूप से दिव्यांग और विधवा महिला हंसी देवी का आवासीय मकान भारी बारिश के चलते पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इस घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे जीवनयापन करने को मजबूर हो गया है।
हंसी देवी पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं। उनके परिवार की स्थिति बेहद कठिन है। उनकी एक बेटी लंबे समय से अस्वस्थ है, जिसका उपचार चल रहा है, जबकि उनका बेटा नौवीं कक्षा का छात्र है। ऐसे में मकान ढहने की घटना ने परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार की मदद के लिए लोगों से आगे आने की अपील की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद जोशी ने कहा कि हंसी देवी के पास ऑनलाइन लेन-देन की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसलिए आर्थिक सहायता जुटाने के लिए उनका स्वयं का स्कैनर (क्यूआर कोड) उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों से प्राप्त होने वाली पूरी सहयोग राशि सार्वजनिक रूप से हंसी देवी को सौंपी जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
प्रमोद जोशी ने समाजसेवियों, प्रवासी उत्तराखंडियों और आम नागरिकों से इस कठिन समय में यथासंभव आर्थिक सहयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि छोटे-छोटे सहयोग से भी हंसी देवी के टूटे हुए घर का दोबारा निर्माण कराया जा सकता है और परिवार को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में मानवता का परिचय देते हुए जरूरतमंद परिवार का साथ देना ही सबसे बड़ी सेवा होगी।
