सचिवालय में तैनात निजी सचिव की पत्नी ने की आत्महत्या, ससुराल पक्ष पर मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -

शादी के आठ महीने बाद शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत, वायरल वीडियो के बाद पुलिस जांच तेज

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दुखद मामला सामने आया है। डोईवाला क्षेत्र में उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक निजी सचिव की पत्नी और शिक्षिका सृष्टि कंडारी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले सृष्टि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह अपनी मां से माफी मांगते हुए कहती नजर आ रही है कि वह पिछले छह महीने से मानसिक परेशानियां झेल रही थी और अब यह सब सहन नहीं कर पा रही है।

जानकारी के अनुसार, सृष्टि कंडारी की शादी करीब आठ महीने पहले उत्तराखंड सचिवालय में तैनात निजी सचिव सौरभ खत्री से हुई थी। सृष्टि श्रीनगर गढ़वाल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। शादी के कुछ ही महीनों बाद उनकी मौत की घटना ने परिवार और समाज को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार को देहरादून के एक निजी अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मृतका की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट (श्रीनगर गढ़वाल), ने अपनी बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए पति सौरभ खत्री, सास और ससुर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए।

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News