बागेश्वर। मल्ला दानपुर के सोराग क्षेत्र में सड़क पिछले करीब एक महीने से बंद होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से क्षेत्र की आवाजाही प्रभावित है और ग्रामीणों का दैनिक जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बीमार और बुजुर्ग लोगों को उठानी पड़ रही है।
हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में एक बीमार व्यक्ति को ग्रामीणों ने डोली के माध्यम से करीब एक घंटे तक पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद मरीज को वाहन से आगे ले जाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बंद होने के कारण जरूरी सामान लाने-ले जाने से लेकर अस्पताल पहुंचने तक में दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क बंद होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। बारिश और भूस्खलन की स्थिति में परेशानी और बढ़ने की आशंका है।
