कांडा-बाजड़-सिमकुना मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कांडा-बाजड़-सिमकुना मोटर मार्ग पर थरन के समीप देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सिमकुना निवासी 28 वर्षीय शंकर सिंह पुत्र कृपाल सिंह की मौत हो गई, जबकि 32 वर्षीय राहुल सिंह नगरकोटी पुत्र नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी सुबह ग्रामीणों को नदी किनारे पलटी कार दिखाई देने के बाद हुई। घायल राहुल किसी तरह सड़क किनारे जगदीश राम के घर के बरामदे तक पहुंचे और वहीं सो गए। ग्रामीणों ने तत्काल 112 पर सूचना दी। थानाध्यक्ष बलवंत कम्बोज और तहसीलदार जगदीश गिरी पुलिस-प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया।

राहुल को ग्रामीण उमेश कुमार के निजी वाहन से सीएचसी कांडा पहुंचाया गया, जहां चिकित्साधिकारी डॉ. दिवाकर पांडे ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं शंकर सिंह को सुबह करीब 11 बजे अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेन्द्र नगरकोटी और ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News