बागेश्वर। काफलीगैर क्षेत्र में प्रस्तावित महाविद्यालय की स्थापना का शासनादेश जारी नहीं होने से क्षेत्रीय जनता और छात्र-छात्राओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। महाविद्यालय की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जा रही है। बताया गया है कि महाविद्यालय की स्थापना के लिए क्षेत्र के भूमि दाताओं ने अपनी भूमि महाविद्यालय के नाम विधिवत रजिस्ट्री भी कर दी है। इसके बावजूद शासन स्तर से अभी तक शासनादेश जारी नहीं होने पर लोगों में निराशा है।
क्षेत्रीय जनता और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि संबंधित स्तर से कई बार शासनादेश जारी किए जाने को लेकर समय दिया गया, लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है। लोगों ने जिलाधिकारी से जनहित में मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शासनादेश जल्द जारी करवाने की मांग की है।
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 7 सितंबर 2026 तक काफलीगैर महाविद्यालय की स्थापना का शासनादेश जारी नहीं किया गया, तो क्षेत्रीय जनता और सामाजिक कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
