शिक्षा के मंदिर में खून, क्लर्क गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर:उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से शिक्षा जगत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की शनिवार सुबह विद्यालय के ही वरिष्ठ सहायक (प्रशासनिक) नवल किशोर सोराड़ी ने कथित तौर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन बागेश्वर पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।

विद्यालय के सहायक शिक्षक हरदयाल ने बताया कि सैंज तहसील निवासी दयानंद टम्टा रोज की तरह सुबह अपने घर से विद्यालय के लिए निकले थे। मुख्य सड़क तक वाहन से पहुंचने के बाद वह पैदल स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद आरोपी नवल किशोर सोराड़ी ने पीछे से उन पर अचानक चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य सड़क पर गिर पड़े। विद्यालय के अन्य शिक्षक उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनीष शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे वेतन तथा विभागीय विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी और शनिवार शाम करीब चार बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। इसकी पुष्टि बागेश्वर पुलिस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी की।

घटना के बाद विद्यालय में शोक और दहशत का माहौल फैल गया। प्रशासन ने तत्काल विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक और स्थानीय लोग पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई तथा कठोर सजा की मांग की। ग्राम प्रधान नवल किशोर टम्टा ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में हुई यह जघन्य घटना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

मृतक के बड़े भाई गणेश टम्टा ने बताया कि दयानंद टम्टा वर्ष 2005 से जीआईसी भटखोला में कार्यरत थे और करीब तीन वर्ष पहले उन्हें विद्यालय का प्रभारी प्रधानाचार्य बनाया गया था। उनकी पत्नी अनीता अमस्यारीकोट जूनियर हाईस्कूल में शिक्षिका हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं आरोपी नवल किशोर सोराड़ी (52) मूल रूप से चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र का निवासी है और लगभग दो वर्ष पहले उसका स्थानांतरण जीआईसी भटखोला में हुआ था। जानकारी के अनुसार करीब चार महीने पहले विभागीय कार्यों में लापरवाही और अभद्र व्यवहार के आरोप में उसका वेतन रोक दिया गया था। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News