केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष समेत दो व्यापारियों से मारपीट का आरोप, 72 घंटे तक कार्रवाई नहीं हुई तो हड़ताल की चेतावनी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। नगर में व्यापारियों के साथ मारपीट और कथित तौर पर घर में घुसकर तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर व्यापारिक संगठनों में आक्रोश है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल और जिला केमिस्ट एसोसिएशन ने कोतवाली पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। संगठनों ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल चंद्र जोशी ने अपने ही परिजनों पर घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जबरन कब्जे का आरोप लगाया है। उनकी ओर से दी गई शिकायत के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2:35 बजे कुछ लोग घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट करते हुए गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी दो दुकानों और कमरों के ताले तोड़कर सामान और रुपये ले लिए गए। मोबाइल फोन और सीसीटीवी का डीवीआर भी छीनने का आरोप लगाया गया है।

गोकुल जोशी के अनुसार मामला न्यायालय में विचाराधीन है और यथास्थिति बनाए रखने के आदेश हैं। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने किसी तरह मौके से निकलकर 112 पर सूचना दी। साथ ही बुजुर्ग माता-पिता के साथ भी अभद्रता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मेडिकल कराने अस्पताल पहुंचने पर भी मारपीट और हंगामा किया गया।

जिला केमिस्ट एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि 12 सितंबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो जिले के केमिस्ट अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। वहीं नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरज जोशी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर व्यापार संघ बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगा। व्यापार मंडल ने बाजार बंद और आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बबलू नेगी ने भी व्यापारियों के साथ मारपीट की घटना पर रोष जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। व्यापार मंडल के अनुसार 10 सितंबर की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

इधर, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News