बागेश्वर। शनिवार को मनहरबूंगा बाईपास रोड पर विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन बागेश्वर की रेस्क्यू टीम प्रभारी अग्निशमन अधिकारी एलएफएम त्रिलोक राम के नेतृत्व में रेस्क्यू वाहन के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वुडन कटर की मदद से पेड़ को काटकर छोटे टुकड़ों में किया। पेड़ काफी मोटा होने के कारण उसके टुकड़ों को सड़क से हटाने के लिए जिला आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना दी गई और जेसीबी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया। फायर रेस्क्यू टीम की कार्रवाई से मार्ग को जल्द सुचारु करने की दिशा में काम शुरू हुआ। घटना के दौरान किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। रेस्क्यू टीम में एलएफएम नवीन चंद्र जोशी, चालक रमेश बंगारी, एफएम सूर्य प्रकाश, अनिकेत सिंह और एफडब्ल्यू हिना शामिल रहे।
