बागेश्वर में लम्पी स्किन डिजीज को लेकर विशेष सतर्कता, 50,896 गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपद में गायों में लम्पी स्किन डिजीज जैसे लक्षण पाए जाने के बाद बागेश्वर में भी पशुपालन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. केके जोशी ने बताया कि जिले में अब तक 50,896 गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। पशुपालकों और संबंधित अधिकारियों को बीमारी की रोकथाम के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. जोशी ने बताया कि बागेश्वर जनपद में अभी तक किसी भी पशु में लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण नहीं पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर जिले के बाहर से गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। विभाग की ओर से पशुपालकों को पशुओं की नियमित निगरानी करने और किसी भी असामान्य लक्षण की सूचना तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को देने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि लम्पी स्किन डिजीज होने पर पशुओं के शरीर पर दाने और गांठें बनने लगती हैं। यह बीमारी मच्छर, मक्खी तथा अन्य काटने वाले कीटों के माध्यम से फैल सकती है। संक्रमण की आशंका को देखते हुए पशुओं के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना जरूरी है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालकों से पशुओं के आसपास धुआं करने तथा किलनी जैसे बाह्य परजीवियों के नियंत्रण के लिए निर्धारित दवाओं का प्रयोग करने की अपील की है। विभाग स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News