बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में होमगार्ड विभाग के अंतर्गत होमगार्ड स्वयंसेवक के 17 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगामी 6 जून 2026 से पुलिस लाइन बागेश्वर में आयोजित की जाएगी। भर्ती के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक नाप-जोख एवं दक्षता परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र जमा करते समय कार्यालय द्वारा निर्गत प्रवेश पत्र एवं आवेदन पत्र के साथ संलग्न सभी अभिलेखों और प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां साथ लाना अनिवार्य होगा। जिला कमांडेंट होमगार्ड बागेश्वर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट करप्शन नीति के तहत पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या धनराशि की मांग को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति, विभागीय कर्मचारी अथवा होमगार्ड भर्ती कराने के नाम पर धन की मांग करता है या किसी प्रकार का वित्तीय लेन-देन करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की गई है। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित शिकायत अथवा सूचना के लिए 1064 एंटी करप्शन ब्यूरो टोल फ्री नंबर, 9027675083 (होमगार्ड भर्ती हेल्पलाइन) एवं 9368872454 (व्हाट्सएप सपोर्ट नंबर) जारी किए गए हैं।
