जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने मंगलवार को बागेश्वर-गरुड़ मोटरमार्ग पर बस स्टैंड के निकट मल्टीलेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को पार्किंग की संशोधित डीपीआर एक सप्ताह के भीतर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध न होने के कारण सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। मल्टीलेवल पार्किंग के पूर्ण होने से छोटे वाहनों एवं बसों के लिए व्यवस्थित एवं सुरक्षित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने के साथ ही जाम एवं अनधिकृत पार्किंग की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना से संबंधित आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बस स्टैंड के निकट मल्टीलेवल पार्किंग की क्षमता 60 छोटे वाहनों तथा 13 बसों की होगी। परियोजना के लिए 4 करोड़ 19 लाख 67 हजार रुपये की संशोधित डीपीआर तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि बजट के अभाव में वर्ष 2021 से निर्माण कार्य बाधित है। आवश्यक धनराशि उपलब्ध होने के बाद ही निर्माण कार्य को पूर्ण किया जा सकेगा। शासन से धनराशि प्राप्त होने के उपरांत लगभग डेढ़ वर्ष के भीतर पार्किंग का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित जनमानस से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
