बैजनाथ अस्पताल में शराबी युवकों का तांडव

खबर शेयर करें -

-स्वास्थ्य कर्मियों से अभद्रता के बाद हड़ताल की चेतावनी

गरुड़ : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ अस्पताल में बीती 14 मई की रात उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब शराब के नशे में धुत कुछ युवक अस्पताल परिसर में घुस आए और ऑन-ड्यूटी डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता करने लगे। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK02 TA 3143 में सवार होकर पहुंचे 5 से 6 युवक नशे की हालत में सीधे अस्पताल के इमरजेंसी और उपचार कक्ष तक पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों ने वहां मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अस्पताल की मर्यादा को तार-तार करते हुए जमकर हुड़दंग मचाया। जब ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें समझाने और शांत कराने का प्रयास किया तो आरोपी और उग्र हो गए। आरोप है कि युवकों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए स्वास्थ्य कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी भी की। अस्पताल परिसर में अचानक बने इस तनावपूर्ण माहौल से मरीजों और उनके परिजनों में भय का वातावरण बन गया। रात के समय इलाज के लिए पहुंचे लोग खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे। घटना के दौरान एक ऑन-ड्यूटी स्टाफ नर्स आरोपियों की अभद्रता से इस कदर सहम गई कि वह रो पड़ी। बताया जा रहा है कि अस्पताल की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर नर्स को संभाला और ढांढस बंधाया। इस घटना ने स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, फार्मासिस्टों और अन्य कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। सभी कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से बैजनाथ थाना में तहरीर सौंपते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। स्वास्थ्य कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार कर अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार सेवा देने के बावजूद यदि अस्पतालों में ही स्वास्थ्य कर्मी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि समय रहते मामले में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News