मूसलाधार बारिश से बागेश्वर बेहाल, 15 सड़कें बंद

खबर शेयर करें -

बागेश्वर जिले में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मलबा और भूस्खलन के कारण एक राज्य मार्ग समेत 15 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। नदी-नाले भी उफान पर हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार धैना-लखनी, पालड़ीछीना-जैनकरास, काफलीगैर-खौलसीर समेत कई ग्रामीण मार्ग बाधित हैं। बालीघाट- दौफाड़- धरमघर- कोटमन्या राज्य मार्ग भी मलबा आने से बंद है। मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें जुटी हैं। स्थानीय निवासी अर्जुन माजिला ने कहा कि लगातार बारिश और कई मार्ग बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के स्कूल पहुंचने को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।

आपदा प्रबंधन अधिकारी प्रवीण गोस्वामी ने बताया कि जिले में बारिश के कारण कई मार्ग बाधित हुए हैं और संबंधित विभागों को सड़कें खोलने के लिए निर्देशित किया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 21.67 मिमी बारिश दर्ज हुई। बागेश्वर में 30, गरुड़ में 19 और कपकोट में 16 मिमी बारिश हुई है। सरयू का जलस्तर 866.90 मीटर और गोमती का 864.30 मीटर दर्ज किया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News