बागेश्वर में 256 ग्राम चरस के साथ 49 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -

ऑपरेशन प्रहार के तहत एसओजी की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

बागेश्वर, 28 अक्टूबर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस की एसओजी टीम ने 256 ग्राम अवैध चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बागेश्वर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ ही नशे के कारोबार से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देशों पर संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशानुसार जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 अक्टूबर को एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में टीम ने कोतवाली बागेश्वर क्षेत्र के पंद्रहपाली तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 256 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी की पहचान शंभू दत्त पांडे (49) पुत्र स्व. माधवानंद पांडे, मूल निवासी बयेड़ी, तहसील रानीखेत, जिला अल्मोड़ा तथा हाल निवासी शांतिपुरी नंबर-1, पानी की टंकी के पास, थाना पंतनगर, ऊधमसिंह नगर के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन कर गिरफ्तार किया गया। इस मामले में कोतवाली बागेश्वर में मुकदमा संख्या 77/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास तथा उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली टीम में शामिल रहे

एसओजी के उपनिरीक्षक जीवन सामंत, कांस्टेबल रमेश सिंह, कांस्टेबल भुवन बोरा और कांस्टेबल चालक विजय कुमार कार्रवाई में शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि जनपद में नशे की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News