रक्षाबंधन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट,टीम ने मिष्ठान की पांच दुकानों से कुल सात खाद्य पदार्थो के सैंपल लिए

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए निगरानी तेज कर दी है। त्योहार के दौरान मिष्ठान की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र में विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मिष्ठान की पांच दुकानों से कुल सात खाद्य पदार्थो के सैंपल लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री में अचानक बढ़ोतरी हो जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग विशेष सतर्कता बरतता है। विभाग की टीम द्वारा दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं बिक्री की स्थिति समेत अन्य मानकों का भी जायजा लिया जा रहा है।

बताया कि त्योहार के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी को देखते हुए रक्षाबंधन से पहले ही बाजार में निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग आने वाले दिनों में भी मिष्ठान एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच अभियान जारी रखेगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से विक्रेताओं के साथ-साथ उपभोक्ताओं में भी जागरूकता बढ़ेगी और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News