राहुल गांधी पर कथित टिप्पणी से भड़की यूकां, नितिन नवीन का पुतला फूंका

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा हल्द्वानी दौरे के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से अपशब्दों के प्रयोग को लेकर युवा कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह परिहार के नेतृत्व में शुक्रवार को कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर पहुंचे और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद सभा आयोजित कर भाजपा और नितिन नवीन का पुतला दहन किया गया।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह परिहार ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर हैं और जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। परिहार ने नितिन नवीन से राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन नेताओं को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। प्रदर्शन के दौरान राहुल कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, बालकृष्ण, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कमलेश गढ़िया, संजय चनियाल, गैरी परिहार और गणेश कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News