वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी निःशुल्क तीर्थयात्रा, 5 सितंबर तक कराएं पंजीकरण

KurmanchalNews
खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की निःशुल्क तीर्थयात्रा कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है।

योजना के अंतर्गत गंगोत्री धाम, बद्रीनाथ धाम, नानकमत्ता, रीठा-मीठा साहिब और कलियर शरीफ सहित कई धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। इसके अलावा ताड़केश्वर, कालीमठ, जागेश्वर, गैराड़ गोलू, बैजनाथ, गंगोलीहाट, महासू देवता हनोल, कालिंका और ज्वालपा आदि तीर्थस्थलों को भी यात्रा में शामिल किया गया है। बागेश्वर जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैजनाथ धाम भी प्रमुख यात्रा स्थलों में शामिल है।

यात्रा के इच्छुक ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है और वे आयकरदाता नहीं हैं, 5 सितंबर 2026 तक जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, बागेश्वर में पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए बीपीएल कार्ड की छायाप्रति, आधार कार्ड और स्वास्थ्य संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

योजना के तहत पंजीकृत वरिष्ठ नागरिकों के लिए यात्रा के दौरान निःशुल्क खान-पान और रात्रि विश्राम की व्यवस्था गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा की जाएगी। इससे वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News