70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बागेश्वर की बेटियों ने लहराया परचम, तीन खिलाड़ियों ने जीते पदक

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : जम्मू-कश्मीर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता में बागेश्वर ताइक्वांडो एकेडमी, मंडलसेरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में एकेडमी की तीन खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया।

पदक विजेता खिलाड़ियों में डॉली फर्स्वाण ने रजत पदक, भूमिका टाकुली ने रजत पदक और लता कोरंगा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से एकेडमी, जिले और प्रदेश में खुशी की लहर है।

बागेश्वर ताइक्वांडो एकेडमी की ओर से सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएँ दी गईं।

इस उपलब्धि में सहयोग देने वाले जिला स्तर के सभी सहयोगियों,मुख्य शिक्षा अधिकारी, बागेश्वर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सदस्यों, प्रशिक्षकों, वरिष्ठ कोचों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और अभिभावकों का विशेष आभार व्यक्त किया गया।

एकेडमी की ओर से कोच श्री कमलेश तिवारी, गोकुल खेतवाल,किरन नेगी और श्री ललित नेगी, बालम सिंह सहित सभी सहयोगियों के मार्गदर्शन, मेहनत और योगदान की सराहना की गई।

एकेडमी का कहना है कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों के विश्वास और एसोसिएशन के सदस्यों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। सभी के सहयोग से बागेश्वर के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और उत्तराखंड का नाम रोशन करते रहेंगे।

बागेश्वर ताइक्वांडो एकेडमी, मंडलसेरा की ओर से सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News