विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित

खबर शेयर करें -

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अवगत कराया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 08 जून से 07 जुलाई, 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे तथा उनसे भरे हुए गणना फार्म प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत 14 जुलाई से 13 अगस्त, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितम्बर, 2026 को किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करना तथा अपात्र, मृत, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है।

उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ के घर-घर भ्रमण के दौरान उनके द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि गणना फार्मों का वितरण एवं संग्रहण कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम के दौरान बीएलओ पर्यवेक्षकों द्वारा मतदेय स्थलों पर आयोजित बैठकों में बीएलओ एवं बीएलए की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपने स्तर पर मतदाताओं को कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने तथा अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धनीराम टम्टा, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मदन राम आगरी, कांग्रेस के कुंदन गिरी, बहुजन समाज पार्टी के मोहन लाल कोहली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News