विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद बागेश्वर में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 23 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत अभियंताओं द्वारा कोषागार परिसर, बागेश्वर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में यह जांच की जाएगी।
एफएलसी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगी। प्रक्रिया पूर्ण होने तक रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी जांच जारी रहेगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप एफएलसी की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि एफएलसी के दौरान मशीनों की कार्यक्षमता एवं तकनीकी स्थिति की जांच कर उनकी विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाती है। यह प्रक्रिया निर्वाचन की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है। एफएलसी कार्य की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है।
जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों से अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को एफएलसी प्रक्रिया में उपस्थित रहकर इसकी निगरानी करने तथा प्रक्रिया के साक्षी बनने हेतु नामित करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में राजनीतिक दलों को पूर्व में पत्र के माध्यम से सूचित किया जा चुका है। उन्होंने राजनीतिक दलों से निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने की अपील भी की।


