बागेश्वर। आरे-दयानगढ़ बाईपास क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
जानकारी के अनुसार कार संख्या यूके 05 3762 आरे बाईपास से द्यांगण की ओर जा रही थी। नीलेश्वर मंदिर से कुछ आगे अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में संदीप कुमार (32) और उनके भाई राहुल कुमार (25) पुत्र महेश राम सवार थे। उनके साथ चार वर्षीय पूजा भी कार में मौजूद थी।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में फायर रेस्क्यू टीम, कोतवाली प्रभारी अनिल उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं वन विभाग में तैनात फायर वाचरों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को खाई से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने चार वर्षीय पूजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि संदीप कुमार और राहुल कुमार का उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मृतक बच्ची के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
वन विभाग में तैनात चंदन राम ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था। वहीं कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि बच्ची के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।
