मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी ₹123.79 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, बोले- मॉडल जनपद बनाना है संकल्प

खबर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण आठ योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से बनने वाली नौ योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ₹3.49 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ किया और रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत में करीब ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर), महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, कृषि महाविद्यालय, आधुनिक पुस्तकालय, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, ओपन जिम समेत कई विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वहीं मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम का भी विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं विकसित चम्पावत की मजबूत नींव साबित होंगी और पर्यटन, व्यापार तथा रोजगार को नई दिशा देंगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News