कपकोट में कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, महंगाई और पेपर लीक को लेकर फूंका पुतला

खबर शेयर करें -

कपकोट। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर केंद्र सरकार की कथित विफल नीतियों के विरोध में कपकोट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बढ़ती महंगाई, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों तथा परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कपकोट के अध्यक्ष दीपक गढ़िया एवं नगर अध्यक्ष प्रकाश कांडपाल ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है और कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस एवं अन्य खाड़ी देशों से सस्ता कच्चा तेल उपलब्ध होने की संभावनाओं के बावजूद विदेश नीति की विफलताओं और व्यापारिक हितों के चलते देश को महंगे दामों पर तेल खरीदना पड़ रहा है। इससे पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं और आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।
वक्ताओं ने नीट 2024 परीक्षा में सामने आए पेपर लीक और धांधली के मामलों का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि परीक्षा में अनियमितताओं के मामलों में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है, जिससे लाखों युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करती रहेगी और आम जनता की आवाज को बुलंद करने का कार्य जारी रखेगी।
विरोध प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य बलबंत राम, सभासद दीपक ऐठानी, ग्राम प्रधान रोहित देवली, कुंदन दानू, प्रवीन ऐठानी, दरवान कोरंगा, भूपेश गढ़िया, कुंदन बड़ती, दीवान सिंह गढ़िया, सुरेश राम, भरत कोरंगा, सुंदर कोरंगा, धाम सिंह गढ़िया, दरवान कुंवर, राम गिरी गोस्वामी, देव सिंह बड़ती सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News