बागेश्वर। लंबित भुगतानों के निस्तारण की मांग को लेकर ठेकेदार संघ बागेश्वर ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित ठेकेदारों ने जल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग के कार्यालयों में सांकेतिक तालाबंदी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
ठेकेदार संघ के अध्यक्ष गंगा सिंह कोरंगा के नेतृत्व ठेकदारों ने कहा कि तीनों विभागों में लंबे समय से ठेकेदारों का भुगतान लंबित है। भुगतान के लिए पूर्व में जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इससे नाराज ठेकेदारों ने प्रदर्शन के बाद तीनों विभागों में तालाबंदी की।संघ ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी लंबित भुगतानों का निस्तारण नहीं किया गया तो 2 अक्टूबर 2026 से तीनों विभागों में अनिश्चितकालीन तालाबंदी शुरू कर दी जाएगी। संघ के मुताबिक भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। ठेकेदार संघ की ओर से जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी कपकोट एवं बागेश्वर समेत तीनों विभागों के अधिकारियों को आंदोलन के संबंध में लिखित सूचना भी दी गई है। संघ ने कहा कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ठेकेदारों ने प्रशासन से लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की है। इस दौरान किशन सिंह दानू, जमन सिंह दानू,रमेश हरडीया, किशन सिंह,अमर सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
