जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), बागेश्वर में बुधवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्नरचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चित्रकला, भाषण, निबंध तथा ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, विचारों और कल्पनाओं को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या एवं जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘विकसित भारत-2047’ तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं, विचारों और लेखन प्रतिभा को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या एवं जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक विद्यार्थी की सकारात्मक सोच, रचनात्मकता एवं सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ ही समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
डाइट की प्राचार्य कमलेश्वरी मेहता ने बताया कि उत्तराखंड में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद एवं नवाचार के माध्यम से नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है। अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषयवस्तु से जुड़ी चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा राम, प्रधानाचार्य दीप जोशी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोपाल किरमोलिया, संदीप जोशी सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
इसी क्रम में बाल विकास परियोजना बागेश्वर के सेक्टर स्यालडोबा के 34, खातीगांव के 27 तथा सानीउडियार के 28 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं के साथ महिला एवं बाल पोषण संबंधी जानकारी दी गई। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं अन्य अतिथियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रमों में क्षेत्रीय जनता एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।
